छछरौली। नेशनल हाईवे पर गांव चुहड़पुर कलां के पास सड़क हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव बॉबेपुर निवासी मोमिन के रूप में हुई। मोमिन तीन बेटियों व एक बेटे का पिता है। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
मोमिन प्रतापनगर की एक कपड़े की दुकान पर काम करता था। मंगलवार देर शाम वह दुकान पर साथ काम करने वाले सहकर्मी को गांव चुहड़पुर कलां छोड़कर बाइक से प्रतापनगर लौट रहा था। इस दौरान नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा और जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद