संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। गांव जड़ौदा के पास प्राइवेट बस की टक्कर लगने से बाइक सवार पत्नी की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पंजाब के लुधियाना के हबीबगंज निवासी लक्की ने बताया कि उसकी 15 वर्ष पहले जगाधरी की वाल्मीकि बस्ती निवासी माेनिका से शादी हुई थी। माेनिका को पथरी का दर्द रहता था। जिस पर दो अक्टूबर को उसे इलाज के लिए यहां मायके में लेकर आ गया था। यहां से उसे व्यासपुर में पथरी की दवाई के लिए लेकर गया। वहां से दवाई दिलवाकर घर लौट रहा था।
जब जड़ौदा के पास पहुंचा तभी व्यासपुर की ओर से प्राइवेट बस लेकर चालक लापरवाही से चलाते हुए उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह अनियंत्रित होकर बाइक सहित नीचे गिर पड़ा। चालक ने बस नहीं रोकी और बस का पहिया पत्नी के ऊपर से गुजर गया।
जिससे वह गंभीर घायल हो गई। दुर्घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने पत्नी व उसे अस्पताल में दाखिल करवाया। गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने मोनिका को पीजीआई रेफर कर दिया।
परिजन उसकी पत्नी को पीजीआई लेकर गए। जहां पर इलाज के दौरान उसकी पत्नी की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।