यमुनानगर/छछरौली। थाना छछरौली क्षेत्र के जगाधरी-पांवटा हाईवे पर बालकुंज के पास डंपर आगे चल रही दो बाइकों में भिड़ गया। इस दौरान दोनों बाइकों के चालक सड़क पर गिर गए, जिनमें एक चालक डंपर के पिछले पहियों से कुचल गया। वहीं दूसरी बाइक का चालक भी घायल हो गया। हादसे के बाद डंपर छोड़कर उसका चालक भाग गया। हादसा सोमवार रात साढ़े नौ बजे हुआ। इससे करीब आधे घंटे तक दोनों ओर हाईवे पर ट्रैफिक जाम रहा। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर रात को शवगृह में रखवाया, वहीं रास्ते से डंपर हटाकर यातायात सुचारू किया।
मृतक की पहचान गांव याकूबपुर निवासी विजय कुमार (30) के तौर पर हुई। हादसे में घायल युवक की पहचान गांव मेघुवाला निवासी रितेश के रूप में हुई। रितेश जिला नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है। विजय व रितेश अलग-अलग बाइकों से सोमवार देर शाम घर लौट रहे थे। इस दौरान जगाधरी-पांवटा हाईवे पर बालकुंज के पास दोनों की बाइक में पीछे से डंपर चालक ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर की टक्कर लगने से दोनों बाइकों के चालक विजय व रितेश सड़क पर गिर गए। इसके बाद रुकने के बजाय चालक ने डंपर आगे बढ़ा दिया। इससे बाइक चालक विजय डंपर के पिछले पहियों से कुचला गया। हादसे को अंजाम देकर डंपर मौके पर छोड़कर उसका चालक भाग गया। डंपर के टायरों में बाइक चालक विजय फंस गया। उसे निकालने के लिए राहगीरों ने डंपर को धक्का देकर आगे-पीछे करने की कोशिश की, पर डंपर नहीं हिला। बाद में सूचना पाकर थाना छछरौली प्रभारी रोहताश पुलिस टीम के साथ पहुंचे। तब मौके पर दूसरे डंपर की मदद से डंपर को पीछे खींचा गया और टायरों में फंसे बाइक चालक विजय को निकाला, जिसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। एंबुंलेस में विजय के शव को शवगृह पहुंचाया। घायल रितेश को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां वह उपचाराधीन है। मंगलवार सुबह विजय के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। संवाद