यमुनानगर। साढौरा रोड पर सादिकपुर के नजदीक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के समय युवक निजी कार्य से साढौरा जा रहा था। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सादिकपुर निवासी अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दो साल पहले सिंगापुर में गया था। फरवरी 2022 में सिंगापुर से अपने गांव आ गया था। शुक्रवार शाम करीब सवा सात बजे उसका छोटा भाई मलकीत सिंह अपनी बाइक पर साढौरा जा रहा था। जब वह गांव के राइस मिल के पास पहुंचा तो सामने से तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली आई। आरोप है कि चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर ट्राली चलाते हुए सीधी टक्कर उसके भाई मलकीत की बाइक में मार दी। टक्कर लगने से उसका भाई सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। उसने आसपास के लोगों की मदद से अपने भाई को अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।