संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चांदपुर ऑटो मार्केट में बन कर तैयार हुई 21 दुकानों को नगर निगम किराये पर देगा। इन दुकानों को किराये पर देने के लिए 15 दिसंबर की सुबह 11 बजे ऑटो मार्केट में खुली बोली लगाई जाएगी। दुकानों को किराये पर लेने के इच्छुक व्यक्ति को 50 हजार रुपये धरोहर राशि जमा करानी होगी।
एक दुकान का मासिक किराया 21110 रुपये होगा। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि प्रोजेक्ट के तहत चांदपुर ऑटो मार्केट में 42 दुकानें बननी हैं। प्रथम चरण में यहां 21 दुकानें बन कर तैयार हो चुकी हैं। शहर के मुख्य बाजार में भी वाहन मरम्मत की दुकानें चल रही हैं। शहर के बीच रामपुरा कॉलोनी में रिहायशी क्षेत्र समीप ऐसी कई दुकानें हैं। ऐसे ही डीएवी गर्ल्स कॉलेज से निरंकारी भवन तक दोनों ओर व जगाधरी में महाराजा अग्रसेन चौक से बूड़िया चौक तक, सहारनपुर कुरुक्षेत्र पर पुराना हमीदा से पश्चिमी यमुना नहर पुल तक ऐसी दुकानें चल रही हैं। कई दुकानों के आगे फुटपाथ व सड़क किनारे वाहन मरम्मत का काम होता है, वहीं कई वाहन आधी सड़कों तक खड़े रहते हैं।
इससे आवाजाही के लिए मार्ग संकरा हो जाने से यातायात जाम की स्थित रहती है। इसी समस्या को ध्यान में रख ऑटो मार्केट प्रोजेक्ट के तहत दुकानें बनाई गई हैं। ऑटो मार्केट प्रोजेक्ट के तहत शहर में तीन जगह ऑटो मार्केट प्रस्तावित है। इनमें चांदपुर में 3.16 करोड़ रुपये की लागत से मार्केट बननी हैं, जिसमें कुल 42 दुकानें होंगी।
प्रथम चरण में 21 दुकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके बाद 19.65 करोड़ रुपये की लागत से गुलाब नगर और गधौली में ऑटो मार्केट बननी हैं। जिनका काम शुरू होना बाकी है। तीनों ऑटो मार्केट बनने से शहर के अंदर सड़कों पर चल रही वाहन मरम्मत की दुकानों को शिफ्ट किया जाएगा। इससे शहर में इनके कारण लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। वहीं एक ही स्थान पर वाहन चालकों को मरम्मत के साथ एसेसरीज मिल सकेंगी।