जगाधरी। भाजपा की ओर से बुधवार शाम जगाधरी के रामलीला भवन से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा चौक बाजार, झंडा चौक, स्कूल रोड व विभिन्न हिस्सों से वापस रामलीला भवन संपन्न हुई। इस दौरान भारत माता के जयकारे गूंजते रहे।
जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों के अंतर्गत भाजपा कार्यकर्ताओं व आमजन ने हाथ में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, जय हिंद व जय हिंद की सेना के नारे लगाते हुए तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि भारतीय सेना की शौर्य गाथा को घर-घर तक भाजपा पहुंचाएगी।
भारतीय जनता पार्टी ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर तिरंगा यात्रा निकाल रही है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त किया और आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा। आतंकवाद के खिलाफ इस युद्ध में हमारी सेना ने शौर्य व पराक्रम का परिचय देते हुए आतंकवादियों को माटी में मिला दिया। यात्रा संयोजक व राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने भी कहा है कि अभी आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई बंद नहीं हुई है। ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ शुरूआत है। आतंकवाद, व्यापार व बातचीत एक साथ नहीं हो सकते। खून और पानी एक साथ नहीं बहेगा। पाकिस्तान दोबारा हरकत करता है तो गोली का जवाब गोला से दिया जाएगा। पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, बंतो कटारिया, नगर निगम मेयर सुमन बहमनी आदि लोग शामिल रहे।