संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बूड़िया थाना क्षेत्र में सात साल की बच्ची से दरिंदगी के बाद हत्या करने के आरोपी नरेश से पुलिस ने मोबाइल बरामद किया है। आरोपी ने बच्ची से गलत काम करने समय शोर मचाने पर मोबाइल उसके माथे पर आंख के पास मारा था। जिससे बच्ची के माथे पर चोट लग गई थी और मोबाइल वहीं झाड़ियों में फेंक दिया था। गलत काम करने के बाद आरोपी ने उसकी गला घोटकर हत्या कर दी थी। रिमांड पर चल रहे आरोपी नरेश ने पूछताछ में यह खुलासा किया।
बूड़िया थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि शनिवार को पुलिस आरोपी नरेश को फिर से वारदात स्थल पर ले गई। जहां आरोपी ने झाड़ियों में फेंके मोबाइल को बरामद करवाया। आरोपी को चार दिन के रिमांड पर लिया हुआ है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। बुधवार शाम बूड़िया थाना क्षेत्र से एक सात साल की बच्ची लापता हो गई थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पड़ोस में रहने वाला युवक बच्ची व उसकी बहन को अपने साथ जंगल की तरफ ले जाते दिखाई दिया था। बाद में एक बच्ची हाथ छुड़वाकर भाग आई थी। बच्ची ने बताया था कि आरोपी उनके पड़ोस में रहने वाले बिहार के जिला मोतीहारी निवासी नरेश उसकी बहन को जंगल की तरफ ले गया था।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया था कि उसने जंगल में ले जाकर बच्ची से दुष्कर्म किया और उसकी गला घोटकर हत्या कर दी। जिसके बाद पुलिस ने मृतक बच्ची का जंगल से शव बरामद किया था। शव का पोस्टमार्टम कराने पर उसके साथ दुष्कर्म करने की पुष्टि हुई थी।