व्यासपुर। बीडीपीओ व्यासपुर आस्था गर्ग ने मंगलवार को सरपंच प्रतिनिधि पंकुश खुराना, पंचायत सदस्य मा. संदीप कुमार, पंच अशोक धीमान के साथ कस्बा में जल भराव वाले क्षेत्रों का दौरा किया। आस्था गर्ग ने जलभराव वाले प्रत्येक स्थान का निरीक्षण किया और स्थानीय निवासियों से भी उनकी समस्याओं को सुना।
उन्होंने मौके पर ही पंचायत कर्मियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि जल निकासी के लिए दो स्थानों पर तीन पंप सेट तुरंत लगवाएं। बीडीपीओ ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल पानी निकालना ही नहीं, बल्कि ऐसी स्थिति की दोबारा न हो इसे रोकना भी है। इसके लिए ड्रेनेज सिस्टम की सफाई, पानी के प्राकृतिक बहाव मार्गों का पुनर्निर्माण और स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।
बीडीपीओ ने स्पष्ट किया कि बरसात के मौसम में किसी भी कॉलोनी या क्षेत्र में जलभराव की शिकायत पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जाएगी, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके। सरपंच प्रतिनिधि पंकुश खुराना ने भी भरोसा दिलाया कि पंचायत प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए जल्द से जल्द जलभराव की समस्या का समाधान किया जाएगा।