संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के चुनाव के तहत बुधवार को अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाली इस मतदान प्रक्रिया को लेकर वकीलों में उत्साह के साथ-साथ गंभीरता भी देखने को मिल रही है। यमुनानगर के चार अधिवक्ता भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
बार काउंसिल चुनाव के लिए 157 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चुनाव में यमुनानगर-जगाधरी जिला बार एसोसिएशन से 1997 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उधर, मतदान से पहले जिला सचिवालय के सभागार में पोलिंग पार्टियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान एडीसी नवीन आहूजा की मौजूदगी में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में चुनाव से जुड़े हर पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
बार काउंसिल चुनाव के लिए यमुनानगर से चुनावी मैदान में उतरे चार अधिवक्ताओं में गुरमीत सिंह खुर्दबन, सोनिया रोहिल्ला, नेहा जोली और मनोज कुमार शर्मा शामिल हैं। इनमें गुरमीत सिंह खुर्दबन पहले भी बार काउंसिल का चुनाव लड़ चुके हैं, ऐसे में उनकी दावेदारी को लेकर विशेष चर्चा है। वहीं अन्य तीन चेहरे पहली बार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान के लिए तीन केंद्र यमुनानगर-जगाधरी में और एक व्यासपुर में बनाया गया है। सभी मतदान केंद्र न्यायालय और बार एसोसिएशन की इमारतों के लाइब्रेरी या हॉल में स्थापित किए गए हैं।
एडीसी नवीन आहूजा ने बताया कि इस चुनाव के लिए पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति जयश्री ठाकुर को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, जिला निर्वाचन कार्यालय के तहसीलदार ने जानकारी दी कि पोलिंग स्टाफ को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
प्रत्येक केंद्र पर एक पीठासीन
प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पीठासीन अधिकारी, एक वैकल्पिक पीठासीन अधिकारी और दो पोलिंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं, जो पूरे मतदान की निगरानी करेंगे। सुरक्षा के लिहाज से भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। यह चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से पहले ही पोलिंग स्टाफ को दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है।