संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। करवाचौथ के चलते बाजार में खूब रौनक देखने को मिल रही है। महिलाएं करवाचौथ की खरीदारी में व्यस्त हैं। महिलाओं की भीड़ से शहर के बाजार आधी रात तक गुलजार नजर आ रहे हैं। हर बार की तरह इस बार भी लाल, महरून रंग खूब मांग है। महिलाओं को बनारसी व लहंगा साड़ी खूब आकर्षित कर रही हैं। तमाम डिजाइनों पर बनारसी व कांजीवरम साड़ी भारी पड़ रही हैं।
इन दिनों बुटिक, डिजाइनर, साड़ी व लहंगा हाउस पर महिलाओं की खूब भीड़ है। गत वर्ष की तुलना में इस बार सलवार सूट की मांग कम है। महिलाओं को बनारसी, कांजीवरम, ऑर्गेंजा, बंगाली साड़ियां बहुत पसंद आ रही हैं। नई विवाहित युवतियों को भी साड़ियों के यही डिजाइन व किस्म पसंद आ रही है।
इसके अलावा इस बार रेडी टू वीयर साड़ी ट्रेंड में है। चूंकि इसे पहनने में ज्यादा समय नहीं लगता है और इसे आसानी से पहना जा सकता है। दुकानदारों का कहना है कि कांजीवरम, बनारसी और रेडी टू वियर साड़ी की मांग अधिक है। तीन से पांच हजार रुपये कीमत की साड़ियां अधिक खरीदी जा रही हैं।
बाजार में खरीदारी करने आईं भारती, रजनी, चेतना, नीरू ने बताया कि वे करवाचौथ के सामान की खरीदारी करने आई हैं। इस बार साड़ियों व लहंगों की कई किस्म व डिजाइन उपलब्ध हैं। व्यापारी ललित महाजन ने बताया कि महिलाओं को रेडी टू वियर साड़ी पसंद आ रही हैं और वे यही ले रही हैं। यह साड़ी पूरी तरह रेडीमेट होती है और इसमें साड़ी प्लेट पहले से सिली हुई होती है।
लाल, नीले, महरून रंग के और ज्वेल टोन शेड्स में लहंगे सबसे अधिक बिक रहे हैं। साड़ी कारोबारी प्रेमनाथ ने बताया कि नई विवाहिताओं को करवाचौथ के लिए कांजीवरम और बनारसी साड़ियां पसंद कर रही हैं। इसके अलावा इसमें लहंगा भी उपलब्ध है, जो महिलाओं को खूब भा रहा है।
30 हजार रुपये तक की साड़ियां उपलब्ध
शहर की विभिन्न शोरूम व बड़ी दुकानों पर साड़ियों की ढेरों किस्म उपलब्ध है। करवाचौथ स्पेशल रेशमी बनारसी साड़ी की 5,000 से 1,5000 रुपये में उपलब्ध है। ऑर्गेंजा साड़ी की कीमत दो से पांच हजार रुपये तक है। इसके अलावा कांजीवरम साड़ी 5,000 से 20,000 रुपये तक उपब्ध है। वहीं, ट्रेंड में चल रही रेडी टू वियर साड़ी 3,000 से 10,000 रुपये तक मिल रही है। लहंगा साड़ी 3,000 से 12,000 रुपये की कीमत में उपलब्ध हैं। टिश्यू सिल्क साड़ी बाजार में 2,500 से 11,000 रुपये तक हैं। हल्के लहंगे दो से आठ हजार रुपये में उपलब्ध हैं।
सोशल मीडिया के डिजाइनों की मांग
कारोबारी राजेश, राजकुमार, सुमित ने बताया कि महिलाओं के कपड़ों व डिजाइनों में हर साल अंतर आ जाता है। इस बार भी साड़ियों व लहंगों में नए डिजाइन आए हैं। महिलाएं सोशल मीडिया पर अपने लिए बेहतरीन डिजाइन व रंग का चयन कर रहीं हैं और दुकान पर सोशल मीडिया के डिजाइन दिखाने की मांग कर रहीं हैं।
करवाचौथ के लिए साड़ियां पसंद करती महिलाएं। संवाद
करवाचौथ के लिए साड़ियां पसंद करती महिलाएं। संवाद