संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के वार्षिक उत्सव के कार्यक्रम के अंतर्गत संविधान निर्माता डाॅ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस को सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन मॉडल टाउन स्थित मेयर हाउस में किया गया। ब्रह्म ज्ञान आश्रम संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर, कपालमोचन के संत फकीर चंद मुख्य अतिथि रहे।
कार्यक्रम आयुष विभाग हरियाणा के पूर्व निदेशक डॉ. सतपाल बहमनी की देखरेख में हुआ। मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों ने डॉ. आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। डाॅ. बहमनी ने कहा कि डाॅ. आंबेडकर ने वंचित वर्ग के लिए लड़ाई लड़ी। वंचित वर्ग के उत्थान में डॉ. आंबेडकर का अहम योगदान रहा है। बाबा साहेब ने सर्व समाज के लिए संघर्ष किया। सभी को मान-सम्मान दिलाने का कार्य किया।
उन्होंने संदेश दिया था कि एक रोटी कम खाना, लेकिन अपने बच्चों को जरूर पढ़ाना। संत फकीर चंद ने कहा कि संविधान निर्माता डाॅ. आंबेडकर ने अछूतों के प्रति सामाजिक भेदभाव के खिलाफ और निचली जातियों के उत्थान के लिए काफी संघर्ष किया था। डॉ. आंबेडकर को मरणोपरांत वर्ष 1990 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
छह दिसंबर 1956 को उनका निधन हो गया था। जिसे परिनिर्वाण दिवस के तौर पर मनाया जाता है। डॉ. आंबेडकर देश के पहले कानून मंत्री थे। वह अपने अनुयायियों से कहा करते थे कि मेरे नाम की जय-जयकार करने से अच्छा है, मेरे बताए हुए रास्ते पर चलें।मौके पर संयोजक दीक्षांत, जगाधरी के नगर मंत्री ओम कृष्ण, जिला संयोजक योगेश कुमार, प्रोग्राम ऑफिसर अनुज गर्ग, शशिकांत मौजूद रहे।