संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शिक्षा विभाग की ओर से गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों का विद्यालयों में शहादत दिवस पर वीर बाल दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत तमाम विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। प्रतियोगिता खंड व जिलास्तर पर होगी। इसके बाद राज्यस्तरीय पर प्रतियोगिता करवाई जाएगी। निबंध प्रतियोगिता के साथ रेत कला शो भी करवाया जाएगा।
यह प्रतियोगिता 12 दिसंबर से शहीदी दिवस करवाई जाएंगी। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री वर्चुअल रूप से करेंगे। प्रतियोगिताएं करवाने के लिए शिक्षा निदेशालय की ओर से पत्र जारी किया गया है। इसमें नौवीं से 12वीं के विद्यार्थी भाग लेंगे। इसका प्रतियोगिता का शुभारंभ 12 दिसंबर से किया जाएगा।
निबंध प्रतियोगिता के लिए चार बिंदु निर्धारित किए हैं। वहीं, रेत कला शो (सेंट आर्ट शो) करवाया जाएगा। यह शो करवाने के लिए विद्यालयों को अपने स्तर पर स्थल ढूंढने की छूट दी गई है। इस शो में प्रतिभागियों को रेत पर कलाकृति बनानी होगी। जिलास्तर पर यह प्रतियोगिताएं 21 दिसंबर तक करवाने के आदेश दिए हैं। इसकी प्रविष्टियां 23 दिसंबर से पहले राज्यस्तर के लिए भेजी होगी। रेत कला शो करवाने के लिए जिला विभाग ने स्थल ढूंढना शुरू कर दिया है।
निबंध प्रतियोगिता हिंदी, अंग्रेजी, पंजाबी व संस्कृत चार भाषाओं में करवाई जाएगी। यह पहले स्कूल स्तर पर करवाई जाएंगी। प्रत्येक विद्यालय से सर्वश्रेष्ठ चार प्रविष्टियां जिलास्तर के लिए भेजी जाएंगी। जिले में कुल 111 राजकीय विद्यालय हैं और जिलेभर से 444 प्रविष्टियों में से आठ का चयन किया जाएगा और राज्य स्तर के लिए भेजेंगे। प्रतियोगिता के विजेताओं का प्रमाण पत्र के साथ नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रतिभागियों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था भी विभाग की ओर से की जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से सभी जिलों के लिए कुल 15.40 लाख रुपये का बजट जारी किया है। इसके लिए प्रत्येक जिले को 70 हजार रुपये दिए गए हैं। इसमें से 30 हजार रुपये विद्यार्थियों की रिफ्रेशमेंट पर खर्च किए जाएंगे। इस दौरान निबंध प्रतियोगिता के जिला विजेता को 3,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को 21,000 रुपये, द्वितीय विजेता को 11,000 रुपये और तृतीय विजेता को 5,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के सामने प्रस्तुति देंगे बच्चे
वीर बाल दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ 12 दिसंबर को मुख्यमंत्री नायब सैनी ऑनलाइन करेंगे। इस दौरान प्रदेश के 22 जिलों के अधिकारियों व विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री वर्चुअली कनेक्ट होंगे। इसके लिए प्रत्येक जिले से चार विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। यह विद्यार्थी मुख्यमंत्री के सामने साहिबजादों की शहादत संबंधी विचार प्रस्तुत करेंगे। निदेशालय ने आदेश दिए हैं कि सभी जिला अधिकारी मंगलवार तक मुख्यमंत्री के सामने प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों और सेंट आर्ट शो का स्थल चयनित कर जानकारी देने के आदेश दिए हैं।
निदेशालय की ओर से वीर बाल दिवस मनाया जा रहा है। इसके तहत निबंध व रेत सेंट शो प्रतियोगिता करवाई जा रही है। इसके लिए सभी विद्यालय मुखियाओं को आदेश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को साहिबजादों की कुर्बानी और अपनी संस्कृति के प्रति जागरूक करना है। - प्रेमलता बक्शी, जिला शिक्षा अधिकारी।