यमुनानगर। उपायुक्त मुकुल कुमार ने बताया कि जिले में स्थित राजकीय बाग एवं नर्सरी छछरौली में खड़े फलदार पौधों के फलों की पुन नीलामी 29 मई 2021 को दोपहर बाद 2 बजे की जानी निश्चित की गई है। राजकीय बाग एवं नर्सरी का रकबा 10 एकड़ 4 कनाल में है, जिसमें 2 एकड़ चीकू, एक एकड़ मे लीची तथा 6.6 एकड़ में आम का बाग है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक बोली दाता को बोली में भाग लेने से पहले 10 हजार रुपये धरोहर राशि के रूप में जमा करवाने होंगे। जिस बोली दाता के पक्ष में बोली छोड़ी जाएगी। उसकी धरोहर राशि उसकी किस्त में समायोजित कर ली जाएगी तथा शेष बोली दाताओं की धरोहर राशि मौके पर ही बोली समाप्ति के बाद वापस कर दी जाएगी। इसके साथ-साथ बोली गई नीलामी की राशि तीन किस्तों में जमा करवानी होगी, जिसकी एक तिहाई अदायगी तुरंत मौके पर जमा करवानी होगी तथा एक किस्त लीची तोड़ने से पहले तथा दूसरी किस्त आम की फसल तोड़ने से पहले जमा करवानी होगी। उन्होंने बताया कि शर्तें व नियम बोली दाताओं को मौके पर ही बता दिए जाएंगे। उपायुक्त मुकुल कुमार ने स्पष्ट किया कि कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए बोली दाता ठेकेदार सामाजिक दूरी को बनाए रखें व मास्क अवश्य पहनें। बोली से पहले किसी भी कार्य दिवस में आकर बाग का मुआयना किया जा सकता है।