संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शराब ठेकों के पहले 10 जोन के बाद पांच और जोन की नीलामी होने से आबकारी विभाग को उम्मीद को एक किरन नजर आई है। विभाग की तरफ से 27 जून को बचे हुए 40 जोन में शराब ठेकों की नीलामी करवाई जाएगी।
गैंगस्टरों ने ठेकों व शराब गोदामों पर फायरिंग करवाई। जिससे शराब कारोबारियों के मन में गैंगस्टरों का खौफ बैठ गया। काला राणा गैंग और बंबीहा गैंग ने कारोबारियों की नींद हराम कर दी। सरेआम ठेकों पर फायरिंग करवा कर अपने गैंग की पर्चियां फेंकी गई। कारोबारियों को नीलामी के लिए कुछ हद तक प्रशासन व पुलिस मनाने में कामयाब हुई थी तो कुरुक्षेत्र के शाहबाद व जींद में दो शराब ठेकेदारों को सरेआम गोलियों से भून दिया गया। जिससे शराब कारोबार से जुड़े ठेकेदार काफी डर गए और ठेकों की नीलामी में हिस्सा लेने से बचते रहे।
रोमिल का एनकाउंटर होते ही सफल होने लगी नीलामी
रोमिल वोहरा का एनकाउंटर करके प्रदेश सरकार ने कारोबारियों को सुरक्षा का एहसास कराने का प्रयास किया। इसका असर यह हुआ कि एनकाउंटर के अगले ही दिन जिले में शराब के 10 ठेकों की नीलामी हो गई। इससे उत्साहित होकर आबकारी विभाग ने 27 जून को एक बार फिर नीलामी कराने का निर्णय लिया है। खास बात यह रही कि बुधवार को जो नीलामी हुई उसमें ठेकेदारों ने रिजर्व प्राइस से थोड़ी ज्यादा राशि ही बढ़ाई। दो ठेकों में तो महज 200 रुपये व 400 रुपये ज्यादा बोली लगी थी।
शराब ठेकों की बोली लगाने के लिए ठेकेदार आगे आने लगे हैं। यह अच्छी बात है। 27 जून को एक बार फिर से नीलामी कराई जाएगी। सभी ठेके अब बहुत जल्द ही नीलाम हो जाएंगे। -आलोक पासी, डीईटीसी, यमुनानगर।