संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अभ्यास करने जिम जा रहे बाइक सवार दो दोस्तों पर पांच-छह युवकों ने गंडासी, गरारी व रॉड से हमला कर घायल कर दिया। आरोपियों ने एक युवक को सड़क पर गिराकर पीटा। इससे उसकी टांगों व बाजुओं में फ्रेक्चर हो गया। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को नामजद करते हुए दो-तीन अन्य पर केस दर्ज किया है।
मारवा कलां निवासी शुभम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह छछरौली रोड बिलासपुर स्थित बाला जी जिम में अभ्यास करता है। रोज की तरह सुबह साढ़े पांच बजे वह अपने दोस्त कपूरी कलां निवासी राजेंद्र सिंह के साथ जिम में अभ्यास करने के लिए बाइक पर चले थे। जब वह बिलासपुर साढौरा रोड पर अस्तबली पीर के पास पहुंचे तो पीछे से दो बाइक पर ब्राह्मण खेड़ा निवासी गुरसेवक, लाहड़पुर निवासी जश्न, झांसा निवासी संदीप व दो-तीन अन्य युवक सवार होकर आए।
आरोपियों ने एक बाइक उनकी बाइक के दाहिने और दूसरी बाइक बाई तरफ लगा दी। आरोपियों ने देसी कट्टा दिखाकर गालियां देते हुए उन्हें रुकने को कहा। तब उसने बाइक नहीं रोकी तो आरोपियों ने गंडासी से उसकी गर्दन पर वार किया और उसकी कमीज का कॉलर पकड़ कर उसे पीछ़े खींच लिया। जिससे वे दोनों दोस्त अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गया।
आरोपियों ने गंडासी, गरारी व अन्य हथियारों से उस पर हमला कर दिया। उसकी दोनों टांगे व बाजू तोड़ दी। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हुए। जिन्हें देखकर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
वहां उसके दोस्त को प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई। उसकी हालत गंभीर होने पर सिविल अस्पताल यमुनानगर रेफर किया गया। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे उपचार दिया जा रहा है। बिलासपुर थाना प्रभारी राय सिंह का कहना है कि मामले में गुरसेवक, जशन, नसीम, संदीप को नामजद करते हुए दो-तीन अन्य पर केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।