संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। छछरौली से अपने गांव जा रहे सलेमपुर बांगर निवासी तीन भाइयों से कुछ युवकों ने रंजिशन मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने दो फायर भी किए। पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है। पुलिस ने मामले में चार युवकों को नामजद करते हुए कुछ अन्य पर केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में सलेमपुर बांगर निवासी रूपिंद्र ने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी पंजेटो गांव निवासी अमित के साथ बिलासपुर में किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। जब आरोपी ने उसे धमकी दी थी। इस बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखे हुए था। रविवार शाम को वह अपने दो भाइयों के साथ छछरौली से बाइक पर अपने गांव आ रहा था।
जब वे पंजेटो गांव में शराब के ठेके के पास पहुंचे तो पंजेटो निवासी अमित ने अपने साथी पंजेटो निवासी साहिल, सलेमपुर निवासी जिंदा, रायपुर निवासी अमित व 25-30 अन्य युवकों के साथ मिलकर उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ पुरानी बात को झगड़ा करना शुरू कर दिया।
जब उसने विरोध जताया तो आरोपियों ने उससे व उसके भाइयों से मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोप है कि झगड़े के दौरान उसके भाई राजिंद्र की सोने की चेन भी कहीं गुम हो गई। झगड़े के दौरान आरोपियों ने दो फायर भी किए। इसके बाद आरोपी उन्हें धमकी देकर वहां से फरार हो गए। जांच अधिकारी परमिंद्र सिंह का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। फायरिंग हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल चार आरोपियों को नामजद करते हुए अन्य पर केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।