संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। 20वीं एनआईडीजेएएम-2026 राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए अंडर-14 व 16 आयुवर्ग में चयनित 13 खिलाड़ियों को हैदराबाद में नवंबर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनके अलावा पांच खिलाड़ियों को आरक्षित सूची में रखा गया है।
जिलास्तरीय चयन समिति की अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय कांस्य पदक विजेता दिव्यांका चौधरी ने बताया कि लड़कों के अंडर-14 आयुवर्ग में मनमीत सिंह और कुणाल का चयन हुआ है। अंडर-16 आयुवर्ग में हिमांशु, चेतन, धनप्रीत सिंह, शनि और दक्ष जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। लड़कियों के अंडर-14 आयुवर्ग में अक्षा और ज्योति चुनी गई हैं।
अंडर-16 आयुवर्ग में रिशु, तनु, दीपाली और सहजलीन कौर को टीम में स्थान मिला है। इसके अलावा अंडर-14 आयुवर्ग में यश कुमार और कनिका को आरक्षित श्रेणी में रखा गया है। अंडर-16 आयुवर्ग में चाहत, जाह्न्वी और प्रियांशु चौहान आरक्षित सूची में शामिल हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले के खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से यमुनानगर और हरियाणा का नाम रोशन करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए यह चयन आगे की खेल यात्रा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। वहीं, आरक्षित सूची में शामिल खिलाड़ियों के पास भी टीम में जगह बनाने का अवसर रहेगा।