संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विष्णुनगर में घर पर जन्मपत्री दिखाने के बहाने ज्योतिषी ने तलवार से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। हमले में ज्योतिषी परमात्मा स्वरूप की बाईं बाजू और हाथ की अंगुली पर चोट लगी है। शिकायत के आधार पर फर्कपुर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परमात्मा स्वरूप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ज्योतिष का काम करता है। उनके पड़ोस में रहने वाला नरेश गुलाटी और कैंप निवासी विकास मेहता उनके पास पत्री दिखाने आते थे। शिकायत के अनुसार विकास मेहता ने नरेश कुमार के बेटे पुकार को दुबई भेजा था, लेकिन कुछ दिन बाद वह वापस आ गया। इसके बाद नरेश कुमार ने विकास से पैसे वापस दिलाने के लिए परमात्मा स्वरूप से बात की।
इसी बात को लेकर उससे रंजिश रखी जाने लगी। शिकायत के अनुसार 12 सितंबर की रात घर के बाहर पुकार ने आवाज देकर जन्मपत्री दिखाने की बात कही। गेट पर पहुंचते ही आरोपी ने उसे धक्का देकर घर में प्रवेश किया। उसके पीछे दो नकाबपोश युवक भी आए। इनमें से एक ने तलवार से उसकी गर्दन पर वार किया। बचाव में तलवार बाजू पर लगी।
दूसरे वार को हाथ से रोकने पर अंगुली पर चोट आई। तीनों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। फर्कपुर थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहें हैं।