संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। छछरौली थाना क्षेत्र के गांव गनौला में पड़ोसियों के बीच चल रहे विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर ईंटों से हमला करने का मामला हत्या में तब्दील हो गया है। हमले में गंभीर रूप से घायल 34 वर्षीय आमिर खान की सोमवार सुबह मुलाना अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की।
आमिर के भाई आसिफ खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपियों का उनके दूसरे पड़ोसी के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। दस सितंबर को आमिर दोनों पक्षों के बीच हो रहे झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचा था। आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखने लगे। शिकायत के अनुसार दस सितंबर की दोपहर बिलाल, आसमा, बानो, रेशमा, साहिल, साहिल खान, आरजू और जाफो अपनी छत पर चढ़ गए।
उस समय आमिर नीचे खड़ा था। आरोप है कि सभी ने छत से आमिर पर ईंटें बरसानी शुरू कर दीं। ईंट लगने से उसके सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं और वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। परिजन आमिर को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए। गंभीर हालत के चलते उसे मुलाना अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
आसिफ ने बताया कि आमिर टाइल-पत्थर लगाने का काम करता था और दो बच्चों का पिता था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि युवक की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम वारदात के कारण और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।