संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। नई अनाज मंडी में सीएम फ्लाइंग की टीम ने रविवार को दस्तक दी। टीम के आते होते ही मंडी के आढ़तियों में हड़कंप मच गया। मंडी के अंदर पुराने कांटे पर चल रहा तौलाई का कार्य रोक दिया गया और आढ़ती इधर-उधर भाग निकले। टीम सुबह 11 बजे पहुंच गई थी और दोपहर तीन बजे तक तौलाई व मार्केट कमेटी के सचिव कार्यालय में पांच घंटे तक रिकॉर्ड खंगाला।
जब सीएम फ्लाइंग टीम ने पुराने कांटे से हो रही तौलाई में अनियमितताएं पाई तो सभी हैरान हो गए। धान की बोरियां में तय वजन से ज्यादा भर्ती पाई गई। टीम की ओर से मंडी के पांच आढ़तियों पर कार्रवाई के लिए विभाग को लिख दिया गया है। सीएम फ्लाइंग टीम के इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर छछरौली अनाज मंडी में निरीक्षण किया गया।
मंडी सचिव के कार्यालय का रिकाॅर्ड कब्जे में लेकर जांच की जा रही है और इसके साथ ही मंडी में तौल कार्य का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें भारी अनियमितता पाई गई है। मंडी में पांच आढ़तियों की दुकानों से तौल कार्य की जांच की गई। प्रत्येक आढ़ती की दुकान से 10 बोरी धान का तौल दोबारा किया गया। जांच के दौरान कृष्णा इंटरप्राइजेज की दुकान पर बोरियों में ज्यादा वजन पाया गया है। इससे यह साफ हो गया है कि आढ़ती किसानों को चपत लगा रहे हैं।
किसान कर्मवीर ने किया हंगामा
सीएम फ्लाइंग टीम की गाड़ियों को देखकर पुराने कांटे से धान का तौल का काम बंद कर आढ़ती इधर-उधर हो गए। इस पर वहां मौजूद गांव मांडखेड़ी निवासी किसान कर्मवीर ने हंगामा कर दिया। किसान का कहना था कि सीएम फ्लाइंग की टीम को देख सभी आढ़ती तौल बंद कर कर इधर-उधर हो गए। अगर तौल कार्य सही चल रहा था तो आढ़तियों को काम बंद कर इधर-उधर होने की क्या जरूरत थी। यही नहीं किसान उस समय और अधिक आक्रोशित हो गया जब टीम ने पहले से तौल कर रखी हुई धान की बोरियों का दोबारा तौल गया और उनमें ज्यादा वजन पाया गया।
आढ़तियों को भेजे जाएंगे नोटिस : मोहन शर्मा
नापनौल विभाग के इंस्पेक्टर मोहन शर्मा ने कहा कि जिन जिन आढ़तियों की तौल में कमी पाई गई है, उन पर विभाग कार्रवाई करेगा। वहीं जो आढ़ती इलेक्ट्रॉनिक कांटे का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, उन्हें नोटिस भेजा जाएगा।
सीएएम फ्लाइंग टीम को जानकारी देते किसान। संवाद- फोटो : kishatwar news