साढौरा। नगर पालिका की चेयरपर्सन शालिनी शर्मा ने कस्बे के स्टेडियम की खस्ता हालत में सुधार करवाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी मंत्री से की।
चेयरपर्सन शर्मा ने खेल मंत्री को बताया कि क्षेत्र में केवल एक स्टेडियम है, जहां कस्बा ही नहीं आसपास के लगभग 30 गांवों के बच्चे अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान में यह स्टेडियम बहुत ही खस्ता हालत मे है। बरसात के दिनो मे उक्त स्टेडियम मे पानी भर जाता है। इससे अभ्यास व प्रशिक्षण में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।