संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थर्मल पावर प्लांट की राख से परेशान रतनपुरा के ग्रामीणों ने रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से गुहार लगाई। ग्रामीणों ने सीएम से समस्या दूर करने या गांव दूसरे स्थान पर बसाने की मांग की। सीएम ने अधिकारियों को मामले की फाइल तैयार करने के निर्देश दिए।
थर्मल की राख से किसी तरह से छुटकारा मिल इसको लेकर रतनपुरा गांव धर-धर भटक रहे हैं। रविवार को ग्रामीण कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा से भेंट करने के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल से भी मिले। हालांकि दोनों मंत्रियों ने उन्हें उनकी समस्या हल करवाने का भरोसा दिया है।
वहीं रतनपुरा के ग्रामीण सीएम के आगमन पर उनसे मुलाकात कर बताया कि रतनपुरा गांव में लगभग 300 घर हैं जो कि राख की समस्या से ग्रस्त हैं। थर्मल की राख से सभी ग्रामीण काफी परेशान हो चुके हैं। ऐसे में उनके गांव को अन्य दूसरी जगह पर स्थापित किया जाए। ताकि 300 घरों वाला यह गांव अपना जीवन सुगमता से व्यतीत कर सकें।
गांव के लोगों ने कहा कि हमारे गांव को पानीपत थर्मल पावर प्लांट के पास स्थित गांव खुकराना की तर्ज पर पुनर्वासन किया जाए। जिस पर सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि उनकी समस्या को लेकर अधिकारियों को फाइलों को तैयार करने के लिए कहा गया है।