यमुनानगर। बूड़िया थाना क्षेत्र के सुघ माजरी गांव में 15 अप्रैल को हुई 22 वर्षीय काजल की हत्या के मामले में पुलिस हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई। मामले में बूड़िया थाना पुलिस ने काजल के पति, सास, ससुर व देवर पर हत्या का केस दर्ज किया हुआ है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर सोमवार को मृतका काजल के मायके वाले लघु सचिवालय पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक राजीव देसवाल को शिकायत देकर आरोपियों की गिरफ्तार की मांग की। फेरूवाला निवासी संजू ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि उसकी भतीजी काजल की शादी 19 फरवरी 2024 को गांव सुघ माजरी निवासी प्रीतम के साथ हुई थी।
शादी के कुछ दिन बाद तक सब कुछ ठीक ठाक चलता रहा। लगभग चार माह बाद ही काजल के साथ मारपीट की जाने लगी। उसका पति प्रीतम, सास मैना, ससुर इंद्र व देवर आकाश उसे छोटी छोटी बातों को लेकर प्रताड़ित करते थे। उसे रोजाना ताने दिए जाते थे। मारपीट से तंग आकर वह मायके में आ गई। संवाद