यमुनानगर। शहर के छछरौली रोड स्थित बूड़िया चुंगी के पास कृष्णा मेटल के संचालक संदीप गोयल के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रेड शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। करीब 36 घंटे से चल रही इस कार्रवाई के दौरान टीम वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड की गहन जांच में जुटी रही।
ईडी की एक टीम मॉडल कॉलोनी निवासी संदीप गोयल के पुराने पार्टनर दीपक सौंधी के आवास पर भी पहुंची। दोनों स्थानों पर कड़ी सुरक्षा के बीच गेट पर पहरा रहा। न तो किसी को अंदर जाने दिया गया और न ही बाहर आने की अनुमति दी गई। संदीप गोयल और दीपक सौंधी करीब दो वर्ष पहले तक साझेदारी में कारोबार कर रहे थे। दोनों ने हिमाचल प्रदेश के कालाआंब में मिलकर धातु की फैक्टरी स्थापित की थी।
विज्ञापन
साझेदारी के दौरान जमीन की खरीद-फरोख्त भी की गई। बाद में यह फैक्टरी दीपक सौंधी के पास रह गई और दोनों के कारोबारी रास्ते अलग हो गए। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम दोनों के बीच हुए वित्तीय लेनदेन, निवेश और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी तक कार्रवाई के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है।
संदीप गोयल की जगाधरी हाईवे पर कृष्णा मेटल के नाम से फैक्टरी संचालित है। कृष्णा मेटल शहर की पुरानी फर्म है। संदीप गोयल का तांबा और मेटल शीट का कारोबार है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में उनके नाम से कई संपत्तियां भी बताई जा रही हैं। दूसरी ओर, दीपक सौंधी भी लंबे समय से औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। कालाआंब स्थित फैक्टरी और अन्य निवेश को लेकर जांच एजेंसी दस्तावेज खंगाल रही है।