संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। नगर पालिका रादौर के नए सदन की शुक्रवार को नपा कार्यालय में पहली बैठक हुई। इसमें चेयरमैन व सभी 14 वार्डों के पार्षद शामिल रहे। नपा सचिव सुरेंद्र मलिक की देखरेख में बैठक में रादौर शहर के कई विकास कार्यों के प्रस्ताव पास किए गए।
बैठक में पार्षदों ने वर्षों से अधूरे पड़े खेल स्टेडियम को बनाने के लिए 13 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास किया। रादौर में तीन मॉडल शौचालय बनाए जाने व पशुओं के लिए जिले में पहला अनुसंधान केंद्र बनाए जाने का प्रस्ताव भी पास किया। अवैध कॉलोनियों को नियमित किए जाने, पानी निकासी के लिए पंप सेट खरीदने, नगरपालिका की शहर में मौजूद भूमि की निशानदेही करवाकर चाहरदीवारी किए जाने के भी बैठक में निर्णय लिए गए। साथ ही इस दौरान फॉगिंग स्प्रे करने के लिए नई मशीने खरीदने, नगर पालिका कार्यालय के लिए सोलर पैनल लगाए जाने पर सहमति जताई गई। अनाज मंडी चौक से रावल चौक तक सड़क बनाए जाने, सभी वार्डों में गलियों व नालियों की मरम्मत किए जाने के लिए टेंडर लगाए जाने, शहर में नालियों की सफाई के लिए जेटिंग मशीन खरीदने, बकाना रोड पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने, सभी वार्डों में नई स्ट्रीट लाइटे लगवाने, बेंच खरीदने के लिए भी प्रस्ताव पास किया गया। वार्ड नंबर-11 से पार्षद रितु रानी को बैठक में शपथ दिलवाई।
ओड कॉलोनी का नाम बदलने का विरोध
बैठक में कुछ लोगों ने ओड कॉलोनी का नाम बदलकर केशव नगर किए जाने की मांग की थी। इस पर पार्षद राजीव आर्य सन्नी ने औड कॉलोनी का नाम बदलने का विरोध किया। उन्होंने कहा कि लोगों से बात करके ही नाम बदला जाएगा। इस पर कॉलोनी का नाम बदलने का प्रस्ताव रद्द कर दिया गया।