संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। गांव पिलखनवाला के पास मिट्टी से भरे डंपर चालक ने बाइक सवार अब्दुल रहमान को टक्कर मार दी। इसमें अब्दुल रहमान बाइक सहित सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घायल को सीएचसी चिकित्सक ने जगाधरी अस्पताल भेज दिया। वहीं गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने घटनास्थल से निकल रहे मिट्टी भरे डंपर रोक दिए। इसकी सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी रोहताश ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
तासीन ने बताया कि 25 वर्षीय छोटा भाई अब्दुल रहमान दोपहर 12 बजे बाइक पर साढौरा के बाजार में सामान लेने के लिए गया था। जब वापस गांव के समीप पहुंचा तो एक तेज रफ्तार मिट्टी से भरे डंपर के चालक ने अब्दुल को टक्कर मार दी। इसमें अब्दुल सड़क किनारे बाइक सहित जा गिरा। उसके सिर पर गहरी चोटें आईं।
सिर में अधिक चोटें लगने के कारण अब्दुल मौके पर बेसुध हो गया। गंभीर हालत में उसे साढौरा के सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देने के बाद अब्दुल को जगाधरी के सरकारी अस्पताल भेज दिया। अब्दुल रहमान के सिर में ज्यादा चोटें होने से उसे जगाधरी के सरकारी अस्पताल में उपचार देने के पांच घंटे बाद भी होश नहीं आया।
उसकी नाजुक हालत देखते हुए निजी अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल कराया। तासीन ने बताया कि अब्दुल की स्थिति नाजुक बनी हुई है। तासीन ने पुलिस को शिकायत देकर डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी रोहताश ने बताया कि डंपर मौके से कब्जे में लिया है। शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएंगे।