रादौर। गन्ने की फसल का भुगतान न होने से गन्ना उत्पादक किसानों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। गन्ने के भुगतान को लेकर कई बार किसान सरस्वती शुगर मिल के अधिकारियों से मिले। लेकिन अभी तक नियमानुसार गन्ने का भुगतान शुरू नहीं हो पाया। जिससे किसानों में शुगर मिल की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है।
किसान नेता निर्मल सिंह, करनैल, जोगिंद्र, संदीप, राम सिंह जत्थेदार आदि ने बताया कि 16 नवंबर से सरस्वती शुगर मिल शुरू हो गया था। नियमानुसार 14 दिन में शुगर मिल को गन्ने का भुगतान करना होता है लेकिन शुगर मिल चले लगभग 23 दिन हो चुके हैं, किंतु अभी तक शुगर मिल की ओर से गन्ने का भुगतान शुरू नहीं किया गया है। किसानों को अपनी फसलों को सींचने, लेबर को मजदूरी देने, बिल भरने व अन्य कार्यो के लिए भुगतान की आवश्यकता है। किसानों की मांग है कि शुगर मिल जल्द से जल्द गन्ने का भुगतान शुरू कर किसानों को राहत पहुंचाएं। इस बारे सरस्वती शुगर मिल के उपाध्यक्ष डीपी सिंह ने बताया कि शुगर मिल की ओर से गन्ने के भुगतान को लेकर सरकार के पास सब्सिडी का नोटिफिकेशन भेजने की फाइल भेजी हुई है। जैसे ही सरकार से उन्हें सब्सिडी का नोटिफिकेशन मिलेगा तो तुरंत गन्ने का भुगतान शुरू कर दिया जाएगा। नियमानुसार किसानों को गन्ने का भुगतान किया जाएगा।