रादौर में तिरंगा यात्रा में ट्रैक्टर चलाते कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा। संवाद
रादौर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को रादौर विधानसभा क्षेत्र में कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य व पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा की अगुवाई में तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंत्री राणा ने खुद ट्रैक्टर भी चलाया।
यात्रा गुमथला राव स्थित इन्कलाब मंदिर में शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और उन्हें नमन करने के बाद शुरू हुई। यात्रा के दौरान हजारों स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
यात्रा गुमथला राव से शुरू होकर जठलाना, खजूरी, नागल, दामला रेस्ट एरिया, खेड़ी लक्खा सिंह और चमरौड़ी से होते हुए रादौर स्थित शहीद उद्यम सिंह कांबोज धर्मशाला पहुंची। विभिन्न गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं सफाई आयोग हरियाणा के चेयरमैन ईश्वर सिंह पलाका, वरिष्ठ भाजपा नेता नेपाल सिंह राणा, रूपिंद्र सिंह मल्ली, नरेंद्र राणा, आदेश राणा, कृष्ण काम्बोज मौजूद रहे। संवाद