बूड़िया में गैस एजेंसी के बाहर लगी लोगों की भीड़। संवाद
- फोटो : संवाद
छछरौली। क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर भले ही आधिकारिक स्तर पर स्थिति सामान्य बताई जा रही हो, लेकिन जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस बुकिंग के लिए दी गई मिस्ड कॉल सुविधा ठप होने के कारण लोग सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं, जिससे एजेंसी के बाहर लंबी कतारें लगने लगी हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के लिए मिस्ड कॉल करने पर बार-बार कॉल डिस्कनेक्ट हो जाती है। कई लोग दो-दो दिन से बुकिंग कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिल रही। ऐसे में घरों में गैस खत्म होने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
गुरुवार को छछरौली स्थित गैस एजेंसी के बाहर बड़ी संख्या में महिलाएं खाली सिलेंडर लेकर पहुंच गईं। महिलाएं घंटों लाइन में खड़ी रहीं और सिलेंडर देने की मांग करती रहीं। कई महिलाओं ने बताया कि घर में गैस खत्म होने से बच्चों के लिए खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। हालांकि एजेंसी संचालक दिनेश नेहरा का कहना है कि कंपनी के नियमों के अनुसार बिना बुकिंग के सिलेंडर नहीं दिया जा सकता। उनका कहना है कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन बुकिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सिलेंडर का वितरण किया जाता है।
दूसरी ओर सरकार की ओर से भी गैस की आपूर्ति सामान्य होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन एजेंसी के बाहर लगी भीड़ और परेशान उपभोक्ता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग व्यवस्था दुरुस्त होने तक लोगों को राहत देने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए। संवाद
बूड़िया में गैस एजेंसी के बाहर लगी लोगों की भीड़। संवाद- फोटो : संवाद