मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल। संवाद
- फोटो : Archive
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों को अब गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए ब्रांडेड दवाएं भी सस्ती दरों पर उपलब्ध होंगी। इसके लिए अस्पताल परिसर में जल्द ही अमृत फार्मेसी केंद्र खोला जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस संबंध में सिविल सर्जन को पत्र भेजा जा चुका है और अस्पताल में केंद्र के लिए उपयुक्त स्थान का चयन किया जा रहा है।
अस्पताल में अमृत फार्मेसी खुलने से खासकर कैंसर और हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अभी तक ऐसे मरीजों को महंगी ब्रांडेड दवाएं बाजार से खरीदनी पड़ती थीं, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ जाता था। अब यही दवाएं अस्पताल में ही कम कीमत पर उपलब्ध होंगी।
वर्तमान में जिला अस्पताल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र संचालित है, जहां मरीजों को 50 से 90 प्रतिशत तक सस्ती जेनरिक दवाएं मिलती हैं लेकिन कई बार डॉक्टरों द्वारा लिखी गई पांच दवाओं में से केवल तीन ही अस्पताल की फार्मेसी में उपलब्ध हो पाती हैं। बाकी दवाएं मरीजों को बाजार या जन औषधि केंद्र से खरीदनी पड़ती हैं।
हालांकि जन औषधि केंद्र पर सस्ती दवाएं उपलब्ध होती हैं लेकिन गंभीर बीमारियों की सभी जरूरी दवाएं वहां नहीं मिल पातीं। यदि बाजार से दवा खरीदनी पड़े तो जेब खर्च बढ़ जाता है। जिला नागरिक अस्पताल 200 बेड का है, जहां रोजाना 2200 से 2500 मरीज अस्पताल की ओपीडी और आईपीडी पहुंचते हैं।