यमुनानगर। कोर्ट परिसर में देर रात प्रशासन ने अंधेरे में चैंबर पर जेसीबी चलवा दी। इसकी भनक वकीलों को लग गई। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चैंबर गिर चुके थे। वकीलों के विरोध के बाद प्रशासन को बीच में अपनी कार्रवाई को रोकना पड़ा। चैंबर तोड़े जाने पर वकीलों की प्रशासनिक अधिकारियों के साथ काफी तीखी बहस भी हुई। प्रशासन व वकीलों के बीच करीब एक घंटा गहमागहमी होने के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ।
बताया जा रहा है इस तरह रात के अंधेरे में चैंबर तोड़ने को लेकर वकीलों में काफी रोष है। वे बुधवार सुबह बड़ा कदम उठा सकते हैं। जगह को लेकर दो वकीलों में विवाद चल रहा था। मामले को लेकर तीन दिन पहले रविवार उनमें समझौता हो गया था। इसके बाद दिनचर्या सामान्य हो गई। मंगलवार को अचानक उसी जगह पर प्रशासन ने जेसीबी से चैंबर को ढहा दिया, जिसकी भनक लगते ही वकील पहुंच गए।
चैंबर किसकी मौजूदगी में तोड़ गए वकीलों ने इसी फुटेज पास लगे सीसीटीवी में देखी। इसमें प्रशासनिक अधिकारी दिखाई दे रहे। वकीलों का कहना था अगर इस तरह की कार्रवाई की जानी थी, तो एक बार उन्हें सूचना जरूर देनी चाहिए थी। इस तरह कोर्ट परिसर में बने चैंबर को तोड़ना कहां तक उचित है।