जगाधरी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में जल्द ही प्रौढ़ भी प्रशिक्षण लेते नजर आएंगे। चूंकि हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से प्रौढ़ प्रशिक्षण योजना शुरू की जा रही है। इस योजना के तहत 42 साल तक के लोग आईटीआई के शॉर्ट टर्म कोर्स में दाखिला ले सकेंगे। इसके लिए जिले की सबसे बड़ी एवं नोडल आईटीआई प्रौढ़ प्रशिक्षण केंद्र भी तैयार किया जा रहा है।
विभाग की योजना के अनुसार इस सत्र से यह शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किए जाने हैं। बता दें कि सरकार की ओर से महर्षि कश्यप कौशल विकास योजना चलाई जाएगी। इसके तहत आईटीआई संस्थानों में 30 दिन, 45 दिन, 60 दिन और 90 दिन के कोर्स करवाए जाएंगे। हर कोर्स की अवधि ट्रेड के अनुसार निर्धारित की गई है। योजना के तहत 18 से 42 वर्ष के आयु के युवाओं व प्रौढ़ अभ्यर्थियों को कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें आईटीआई पास ही नहीं बल्कि ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, डिप्लोमा व अन्य डिग्री करने वाले अभ्यर्थी भी दाखिला ले सकेंगे।