संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम के स्पेशल ऑफिसर (सेनिटेशन) अनिल कुमार यादव ने शुक्रवार को कन्हैया साहिब चौक स्थित नगर निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की हर शाखा में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और सभी शाखा अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपनी ब्रांच की सफाई स्वयं करवाना सुनिश्चित करें। कुछ दिन बाद वे फिर से कार्यालय का निरीक्षण करेंगे। सफाई न मिलने पर शाखा अध्यक्ष पर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभियंता शाखा के कार्यकारी अभियंता, निगम अभियंता, कनिष्ठ अभियंता के कमरों, लाइट शाखा, नागरिक सुविधा केंद्र, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं एनयूएलएम शाखा व अन्य शाखाओं का जायजा लिया। उन्होंने हर शाखा व कमरे में सफाई व्यवस्था की बारीकी से जांच की। कमरे में रखे कंप्यूटर टेबल, उनके दराज तक की सफाई की जांच की गई।
जिन स्थानों पर गंदगी मिली, उसे तुरंत साफ कराया गया।
इस दौरान उन्होंने कार्यालय में अनुपयोगी सामान को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही अपने अपने कमरे में रखे सामान को व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी शाखाओं में वहां मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों से बातचीत की और उनका परिचय लिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी अपनी शाखा को साफ सुथरा रखे। यह उनकी जिम्मेदारी बनती है।