संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रक्षाबंधन के दिन अंबाला से यमुनानगर ससुराल आए दामाद और उसके परिवार पर हुए हमले के मामले में पीड़ितों ने विशेष समुदाय के लोगों पर शिकायत वापस लेने के लिए धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मामले में कश्यप सभा व अन्य ग्रामीण पीड़ितों के साथ पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कश्यप नवयुवक सभा के प्रदेशाध्यक्ष चमन कश्यप ने कहा कि गांव के एक विशेष समुदाय द्वारा उनके समाज के लोगों को दबाने व धमकाने का काम किया जा रहा है। आरोपियों ने न केवल गांव में उनके समाज के लोगों को मारा बल्कि उनके रिश्तेदारों के साथ भी मारपीट की। 24 घंटे बाद शिकायत दर्ज हुई और आठ दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका।
पीड़ित बालकृष्ण ने कहा कि उन्हें गांव में डर-डरकर जीना पड़ रहा है। उन्हें आरोपी गोली मारने की धमकी देता है। पुलिस अधीक्षक ने पीड़ितों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर गांव के प्रदीप कश्यप, धर्मवीर कश्यप, नरेश कश्यप, राजवीर कश्यप, मांगेराम, सुमेर चंद आदि भी उपस्थित रहे।