संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। नौशहरा गांव में पंचायती जमीन से नीलाम हुए सफेदे के पेड़ों से अधिक संख्या में पेड़ काटे जाने के आरोपों बीच सरपंच पर यहां जेसीबी चलाकर कटे हुए पेड़ों की जड़ों को उखड़वाने का आरोप लगा है। आरोप है कि कटे हुए पेड़ों के साक्ष्य खुर्दबुर्द करने की नियत से इन जड़ों को उखड़वाया गया है। इस बारे में ग्रामीणों ने सोमवार को व्यासपुर के एसडीएम को शिकायत की। उन्होंने उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
नीलाम किए पेड़ों से अधिक संख्या में पेड़ काटे जाने के बारे में रामकुमार ने 29 जनवरी को व्यासपुर के एसडीएम को शिकायत दी थी। शिकायत में रामकुमार ने बताया कि पंचायत द्वारा लगभग तीन महीने पूर्व 298 सफेदा के पेड़ों की नीलामी की गई थी। उक्त नीलामी के अंतर्गत पेड़ों की कटाई लगभग 15 दिन पहले से अब तक की जा रही है।
जब पेड़ों की कटाई की जा रही थी, उस समय उन्होंने ग्राम पंचायत एवं ग्राम सचिव संदीप कुमार को फोन के माध्यम से इस बारे में अवगत कराया था, इसके बावजूद भी सरपंच विशाल द्वारा नीलामी से लगभग 200 पेड़ अधिक कटवा लिए गए। नीलामी से अधिक काटे गए पेड़ों की अनुमानित कीमत लगभग 10 से 12 लाख रुपये है, जिससे ग्राम पंचायत को आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
आरोप है कि सरपंच विशाल तथा उनके पिता अनिल कुमार लकड़ी की ठेकेदारी का कार्य करते हैं और मिलीभगत कर पंचायती भूमि से अवैध रूप से पेड़ों की कटाई करवा कर उन्हें बेच दिया गया है। इस प्रकार सरपंच द्वारा ग्राम पंचायत को लगभग 10 से 12 लाख रुपये की वित्तीय हानि पहुंचाई गई है। रामकुमार ने मामले की जांच करवाने व दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी।
रामकुमार, पूर्व सरपंच जीत सिंह, पंच विक्रम, जसपाल, परमजीत सिंह, लाभ सिंह, बबली व फूल सिंह ने बताया कि पंचायत की जमीन से अवैध तौर पर काटे जाने की शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन की तरफ से कोई जांच न होने का लाभ उठाते हुए सरपंच ने 31 जनवरी की रात को इस अवैध कटान के सबूत नष्ट करने क इरादे से जेसीबी मशीन के माध्यम से पेड़ों की जड़ों को उखड़वा कर उन्हें भी बेच दिया है।
जांच के लिए बनाई कमेटी : बीडीपीओ
बीडीपीओ नेहा शर्मा ने बताया कि मामले की जांच के लिए दो ग्राम सचिव, जेई व एसईपीओ की कमेटी गठित करके मौके पर भेजा गया है। यह कमेटी विस्तृत जांच करके जो रिपोर्ट सौंपेगी उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पंचायती जमीन से उखाड़ी गई पेड़ों की जड़े। ग्रामीण