कुरुक्षेत्र व यमुनानगर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सरकारी अस्पताल रादौर समीप गर्भ जांच के नाम पर हजारों रुपये ऐंठने के आरोप में व्यक्ति को पकड़ा। टीम की ओर से भेजी गई महिला से गर्भ जांचने के नाम पर उसे 27 हजार रुपये लिए और अल्ट्रासाउंड पर सामान्य जांच कर लड़का होने की बात कह दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आरोपी से 11 हजार रुपये बरामद कर उसे रादौर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
पकड़ा गया व्यक्ति गौरव कुमार करनाल जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। उसे पकड़ने की कार्रवाई के लिए बनी टीम में यमुनानगर से डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. पुनीत कालड़ा, कुरुक्षेत्र के किरमच से डेंटल सर्जन डॉ. गौरव बंसल, बाबैन सीएससी से डेंटल सर्जन डॉ. ऋषि, सिविल अस्पताल यमुनानगर से डॉ. विपिन, क्लर्क राजीव कुमार शामिल रहे। डिप्टी सिविल सर्जन यमुनानगर डॉ. पुनीत कालड़ा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग कुरुक्षेत्र को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रादौर में गर्भ जांच कराने का कार्य कर रहा है।
इस पर टीम का गठन किया। एक महिला को फर्जी ग्राहक बनाकर व्यक्ति के पास गर्भ जांच करने भेजा। उसे 11 हजार रुपये की राशि दी गई। इससे पहले महिला की ओर से पकड़े गए व्यक्ति को 16 हजार रुपये की राशि ऑनलाइन दी गई थी। बकाया 11 हजार रुपये शनिवार को दिए गए। राशि लेने के बाद दलाल ने महिला को सरकारी अस्पताल रादौर के पास गर्भ जांच के लिए बुलाया। महिला की जांच के लिए कुछ राशि दलाल ने अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जमा कराई।
महिला की जांच की गई, लेकिन पकड़े गए व्यक्ति ने अल्ट्रासाउंड केंद्र में महिला की सामान्य जांच कर उसे लड़का होने की बात कहकर कुल 27 हजार रुपये की राशि ले ली। डॉ. पुनीत कालड़ा ने बताया कि मामले में अल्ट्रासाउंड सेंटर का कोई फाल्ट नहीं पाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। विभाग की टीम की ओर से दी गई 11 हजार रुपये की राशि आरोपी गौरव से बरामद कर ली गई।