यमुनानगर। करनाल की एक युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने व गर्भवती होने पर उसका गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। युवती ने विवाह से इन्कार करने पर पुलिस को शिकायत दी। महिला थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करनाल के एक गांव की 20 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पहचान आदित्य नामक युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी तो युवक ने उससे विवाह करने का वादा किया। युवती का आरोप है कि इसी भरोसे पर वह उससे मिलती रही। कुछ समय पहले आरोपी उसे यमुनानगर के एक होटल में ले गया, जहां उसने उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद भी वह शादी का आश्वासन देकर लगातार संबंध बनाता रहा। पीड़िता का कहना है कि कुछ समय बाद वह गर्भवती हो गई। जब उसने इस बारे में युवक को बताया तो उसने दबाव बनाकर उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद जब युवती ने शादी करने की बात कही तो आरोपी ने साफ इंकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने पर युवती ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला थाना प्रभारी शीलावंती ने बताया कि शिकायत पर जांच शुरु कर दी गई है, साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद