यमुनानगर/रादौर। बदलते मौसम का कहर किसानों पर टूट रहा है। सोमवार को पति के साथ खेत में गेहूं काट रही महिला के ऊपर आसमानी बिजली गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। आसपास खेतों में काम कर रहे किसान एकत्रित हुए और आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। महिला की मौत से गांव में मातम छाया हुआ है।
घटना गांव दौलतपुर से जुड़ी है। गांव निवासी 42 वर्षीय महिला सुनीता सोमवार की शाम को अपने पति सलिंद्र कुमार के साथ गांव के एक जमींदार के खेत में गेहूं की फसल काट रही थी। इसी दौरान शाम को लगभग पांच बजे आसमान में घने बादल छा गए। कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते तेज धमाके के साथ आसमानी बिजली महिला सुनीता के ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे के बाद मौके पर आसपास खेतों में काम कर रहे एकत्रित हो गए। लोग उसे तुरंत सरकारी अस्पताल रादौर में ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया। सूचना मिलने पर रादौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया।
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतक सुनीता के पास दो बेटियां व एक बेटा है। बेटी अंजली (20), शालू (18) व बेटा भविष्य (14) क्षेत्र के ही स्कूल में पढ़ते हैं। महिला अपने पति के साथ गांव में ही दिहाड़ी, मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा चलाती थी। महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
-गुरदेव सिंह, जांच अधिकारी ररादौर थाना