संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर की हनुमान कालोनी निवासी 24 वर्षीय अभिषेक उर्फ रिशु की हत्या करने के पांचों आरोपियों का वीरवार को रिमांड खत्म हो गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त बाइक, कपड़े, चाकू व तलवार बरामद कर ली है। पूछताछ में सामने आया है कि मृतक की पत्नी के भाई बहन से प्रेम विवाह करने को लेकर उससे रंजिश रखे हुए थे। ताऊ की बेटी की शादी में आए मृतक अभिषेक ने आरोपियों को उकसाया भी था।
इसके बाद ही आरोपियों ने अभिषेक की चाकू व तलवार से हमला कर हत्या की थी। आरोपियों में मृतक अभिषेक की पत्नी के भाई गधौली कालोनी निवासी चीनु गुर्जर, सचिन उर्फ अनुपम व उनके दोस्त आर्यन, राहुल व अभिषेक कुमार का रिमांड खत्म होने पर वीरवार को अदालत में पेश किया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
हनुमान कॉलोनी निवासी अभिषेक ने एक साल पहले गधौली कालोनी निवासी निशा से प्रेम विवाह किया था। जिसकी वजह से ससुराल वाले उससे रंजिश रख रहे थे। उसे धमकी भी मिल चुकी थी। प्रेम विवाह के बाद वह जीरकपुर में ही किराये के मकान में पत्नी व तीन माह के बच्चे के साथ रह रहा था।
शहर यमुनानगर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि 21 अप्रैल को हनुमान कॉलोनी स्थित धर्मशाला में मृतक की ताऊ की बेटी की बारात आई हुई थी। इस दौरान ही मृतक अभिषेक ने आरोपियों को उकसा दिया था। इस वजह से ही उसकी हत्या की गई।
अभिषेक की ताऊ की बेटी सोनिया की 21 अप्रैल को शादी थी। इस शादी में शामिल होने के लिए वह अपनी मौसी के बेटे आकाश, पत्नी निशा के साथ यहां आया हुआ था। 20 अप्रैल को वह घर आ गया था। 21 अप्रैल को विदाई होने के बाद अभिषेक, आकाश व उनका साथी हनुमान कॉलोनी निवासी शशिकांत घर के पास ही कार में बैठे हुए थे।
तभी दो बाइकों पर निशा का भाई चन्ना सिंह, सचिन उर्फ अनुपम अपने साथियों गधौली कालोनी के ही आर्यन शर्मा, राहुल उर्फ टिंकू व खालसा कालेज रोड निवासी अभिषेक कुमार चाकू व तलवार लेकर आए और हमला कर दिया। तीनों घायलों को परिवार के लोग अस्पताल में लेकर गए। वहां अभिषेक की मौत हो गई। वहीं आकाश व शशिकांत का इलाज चल रहा है।