संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के बाहर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने उत्तरी जोन उपाध्यक्ष योगेंद्र चौहान के नेतृत्व में उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नाम ज्ञापन भेजा।
इससे पूर्व आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता अनाज मंडी गेट पर एकत्रित हुए। वहां करीब दो घंटे तक सरकार के खिलाफ अर्धनग्न होकर धरना प्रदर्शन किया। उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह व महासचिव योगेश सेठी ने कहा कि केंद्र सरकार 6 साल बाद भी अपनी कार्यशैली में विफल होती नजर आ रही है, जो वादा देश के युवाओं के साथ प्रधानमंत्री ने रोजगार देने का किया था, वह आज भी पूरा नहीं हो पाया। रोजगार देने के नाम पर सिर्फ युवाओं से वोट लिया। देश के रीढ़ की हड्डी प्रदेश का उज्जवल भविष्य युवा आज पैसे पैसे को मोहताज हो चुका है।
आप नेताओं ने कहा कि बेरोगजगारी से परेशान बहुत से युवा तरह-तरह के नशे की गिरफ्त में आकर अपने जीवन को बर्बाद कर रहे हैं। यह बहुत ही चिंता का विषय है। देश और प्रदेश की सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। अगर जल्द से जल्द सरकार ने युवाओं के हित में कोई उचित कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले समय में आम आदमी पार्टी युवाओं के साथ मिलकर बड़े आंदोलन एवं चक्का जाम करेगी। मौके पर एडवोकेट साबर अली चौहान, एडवोकेट अजय शर्मा, चेयरमैन सुशील जैन, यूथ विंग राज सिंह, विशाल अत्री, कृपाल सिंह, रंजीत कपूर, सुभाष वर्मा, महिला अध्यक्ष ,निर्मल कश्यप, अनुराधा रानी, अश्विनी चौधरी ,प्रवक्ता कुलविंदर राणा, ऋषि पाल, रामकृष्ण, जवाहर आदि मौजूद रहे।