संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शादी कराने का झांसा देकर युवक से 44,718 रुपये ठग लिए गए। आरोप मैट्रिमोनी फर्म के मालिक सहित तीन लोगों पर लगा है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जगाधरी की रघुनाथपुरी कॉलोनी निवासी सिद्धार्थ गौरी ने बताया कि उनका भाई सत्यदीप नील गौरी अविवाहित है। वह भाई की शादी करवाना चाहते हैं। इसके लिए मार्च-2024 में गूगल पर मैट्रिमोनी फर्म तलाश रहे थे। इस दौरान गूगल पर शुभ मंगल मैट्रिमोनी नाम की फर्म का मोबाइल नंबर मिला।
इस नंबर पर बात की तो सामने से बोल रहे शख्स ने खुद को शुभ मंगल मैट्रिमोनी क संचालक सागर कुमार सुतार बताया। उसने बताया कि उनकी संस्था शादी कराने का काम करती है। इस दौरान संस्था के प्रतिनिधि रानी पांडे व रिलेशनशिप मैनेजर ममता ने भी बात की। उन्होंने पंजीकरण व अन्य खर्च के 44,718 रुपये ले लिए।
बाद में मार्च से अप्रैल के बीच भाई की शादी कराने के नाम पर उनके पास लड़कियों की प्रोफाइल भेजी। बाद में पता चला कि यह प्रोफाइल फर्जी हैं। सिद्धार्थ गौरी ने शिकायत में आरोप लगाया कि 44,718 रुपये लेकर भी शुभ मंगल मैट्रिमोनी फर्म के संचालक सागर कुमार सुतार, प्रतिनिधि रानी पांडे व रिलेशनशिप मैनेजर ममता ने भाई की शादी नहीं कराई।
जब इन लोगों से फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बाद में उन्होंने मोबाइल बंद कर लिया। तब उनके खिलाफ साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी। जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।