संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। नागरिक अस्पताल जगाधरी में स्वास्थ्य के साथ-साथ सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल करते हुए योग वाटिका का शुभारंभ किया गया। यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने शुक्रवार को योग वाटिका का उद्घाटन कर अस्पताल परिसर को योग और साधना का नया आयाम दिया।
उद्घाटन अवसर पर योगाचार्य मोहन व योगी जय कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, मरीजों और उनके अभिभावकों को योग वाटिका में योगाभ्यास कराया। इस दौरान योग के शारीरिक व मानसिक लाभों की जानकारी भी दी गई। इस दौरान अस्पताल परिसर में अधिकारियों-कर्मचारियों तथा मरीजों व उनके परिजनों के लिए पार्किंग सुविधा का भी शुभारंभ किया गया।
विधायक अरोड़ा ने कहा कि योग निरोगी जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। अस्पताल में बनी योग वाटिका मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने रक्तदान शिविर और फल वितरण के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि समाज के विकास में उनका योगदान सराहनीय है।
विशिष्ट अतिथि मुकेश गर्ग ने कहा कि योग वाटिका न केवल अस्पताल परिसर की शोभा बढ़ाएगी, बल्कि स्वच्छ वातावरण में योग से मरीजों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ भी मिलेगा। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए समाज कल्याण का सर्वोत्तम कार्य कहा। वहीं, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुज मंगला ने कहा कि योग वाटिका में प्रतिदिन योगाभ्यास कराया जाएगा।
उप-सिविल सर्जन डॉ. दिव्या मंगला ने कहा कि नागरिक अस्पताल योग, रक्तदान और फल वितरण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से मरीजों के संपूर्ण स्वास्थ्य की दिशा में कार्य कर रहा है। अंत में इनर व्हील क्लब जगाधरी की पारूल खन्ना ने सभी अतिथियों का आभार जताया।