यमुनानगर। शहर में मकान बेचने के नाम पर एक महिला से करीब 27 लाख 90 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुराना हमीदा निवासी ललिता गुप्ता से यह रकम आरोपियों ने मकान की रजिस्ट्री कराने का झांसा देकर हड़प ली। आरोप करनाल के गांव संथेड़ी निवासी सोनू उर्फ राहुल और यमुनानगर की कृष्णा कॉलोनी निवासी कैलाश देवी पर लगा है। पीड़िता की शिकायत पर थाना यमुनानगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में ललिता गुप्ता ने बताया कि कॉलोनी निवासी किरण जैसवाल से उसकी दोस्ती है। किरण के मकान मालिक के पास सोनू कुमार उर्फ राहुल का आना-जाना था, जिससे उसकी पहचान सोनू से हुई। आरोपी सोनू खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताता था। बातचीत के दौरान उसने मकान खरीदने की इच्छा जाहिर की तो सोनू ने अपनी परिचित कैलाश देवी का मकान दिखाया। यह मकान 100 वर्ग गज का बताया गया और सौदा 30 लाख रुपये में तय हुआ।
पीड़िता ने बताया कि आरोपियों की बातों में आकर उसने बयाने के तौर पर 18 लाख रुपये दे दिए। जब उसने मकान के इकरारनामा लिखवाने की बात कही तो आरोपियों ने कहा कि सीधे रजिस्ट्री करा दी जाएगी। रजिस्ट्री का समय आने पर आरोपी टालमटोल करने लगे और उससे और रुपये मांगने लगे। भरोसा दिलाने पर पीड़िता ने आरोपियों को 9 लाख 90 हजार रुपये और दे दिए। ललिता गुप्ता का आरोप है कि इतनी बड़ी रकम देने के बावजूद भी आरोपियों ने मकान की रजिस्ट्री कराने से इनकार कर दिया। जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उल्टा, रुपये मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।