यमुनानगर। शहर के कई इलाकों में सीवरेज ओवरफ्लो की गंभीर समस्या ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई जगह नालियों और सड़कों पर सीवरेज का गंदा पानी बहने से हालात बद से बदतर हो चुके हैं। इस तरह के हालात गंगानगर व शांति कॉलोनी में बने हैं।
कॉलोनियों में फैली दुर्गंध ने लोगों का घरों में रहना मुश्किल कर दिया है, वहीं संक्रमण और मौसमी बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हालात ऐसे हो गए हैं कि न केवल घरों से निकलना कठिन हो गया है, बल्कि राहगीरों को भी गंदे पानी और फिसलन के कारण रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार कई जगहों पर सीवरेज लाइनें तो बिछा दी गईं। आज तक उन्हें चालू नहीं किया गया। वहीं कई छोटी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अब तक सीवरेज लाइन डाली ही नहीं गई है। इसका सीधा असर यह हुआ कि गंदा पानी सड़कों पर जमा होने लगा है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्कूल जाने वाले बच्चे गंदे पानी से होकर निकलने को मजबूर हैं, जबकि बुजुर्गों को गिरने और बीमार पड़ने का डर सताता रहता है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे नगर निगम और संबंधित विभागों के चक्कर काट-काट कर थक चुके हैं। कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि वार्ड पार्षद को भी बार-बार अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। धरातल पर हालात जस के तस बने हुए हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान सीवरेज का गंदा पानी घरों के अंदर और दरवाजों तक पहुंच जाता है। इससे न केवल बदबू बढ़ जाती है, बल्कि डेंगू, मलेरिया, त्वचा रोग और पेट से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी कई गुना बढ़ जाता है। लोग मानसिक रूप से भी परेशान हैं और हर समय बीमारी का डर बना रहता है।
वहीं ओमवती ने प्रशासन से मांग की कि सीवरेज लाइनों की तुरंत सफाई और मरम्मत करवाई जाए। उन्होंने कहा, जहां लाइनें नहीं डली हैं, वहां जल्द काम शुरू होना चाहिए। नियमित सफाई हो, तभी लोगों को इस गंदगी और बीमारी से राहत मिल सके।
शांति कॉलोनी की मधु ठाकुर ने बताया, हमने कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों में शिकायत दी है। वार्ड पार्षद को भी बताया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। समस्या जस की तस बनी हुई है।
गंगा नगर कॉलोनी के दर्शन लाल का कहना है, सीवरेज का गंदा पानी सड़कों और गलियों में जमा रहता है। बदबू इतनी ज्यादा होती है कि घर में रहना दूभर हो गया है। खाना बनाना और खाना तक मुश्किल हो जाता है। बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत बार-बार खराब हो रही है।” उन्होंने बताया कि फिसलन के कारण कई राहगीर गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
गंगा नगर कॉलोनी के दीपक ने कहा, बरसात में सीवरेज का पानी घरों के दरवाजों तक पहुंच जाता है। संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है, लेकिन नगर प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
कॉलोनी की समस्या को दुरुस्त किया जाएगा। लोगों को परेशान होने नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने को भी कहा गया है।
-सुमन बहमनी, मेयर, नगर निगम।
ससौली रोड पर निकासी न होने से नाले में जमा गंदा पानी। संवाद
ससौली रोड पर निकासी न होने से नाले में जमा गंदा पानी। संवाद
ससौली रोड पर निकासी न होने से नाले में जमा गंदा पानी। संवाद