संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती पति से मिलने आई महिला को बेसहारा कुत्ते ने काट लिया। कुत्ता काटने से महिला की टांग पर गहरा घाव हो गया। टांग से खून की धारा बहने लगी। उसका अस्पताल में उपचार कराया गया।इसके बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
खजूरी गांव निवासी मंगती ने बताया कि कुछ दिन से उसके पति की तबीयत खराब थी। उसे उपचार के लिए मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया था। वह अस्पताल में भर्ती पति से मिलने के लिए आई थी। जब वह अस्पताल में पहुंची तो वहां घूम रहे बेसहारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। उसने कुत्ते को भगाने का प्रयास किया। कुत्ते ने उसकी टांग पर काट लिया। इससे टांग से खून बहने लगा।
जिला नागरिक अस्पताल को बेसहारा कुत्तों ने अपना ठिकाना बना लिया है। सारा दिन कुत्ते न केवल अस्पताल परिसर बल्कि अंदर मरीजों के बीच भी घूमते रहते हैं। यहां तक की अस्पताल के अंदर फर्श पर लेट कर चैन की नींद लेते रहते हैं। कई बार कुत्ते मरीजों व अस्पताल के स्टाफ पर हमला भी कर चुके हैं। कुत्तों से हो रही परेशानी को अमर उजाला कई बार प्रकाशित कर चुका है।
अस्पताल में काफी संख्या में बेसहारा कुत्ते घूम रहे हैं। पकड़ने के लिए कई बार नगर निगम के अधिकारियों को लिखा गया निगम के अधिकारी तर्क देते हैं कि सुप्रीमकोर्ट के आदेशानुसार कुत्तों को उनके मूल स्थान से हटा नहीं सकते हैं। अब फिर निगम को कुत्तों से निजात दिलाने के लिए पत्र लिखा गया है। -डॉ. नवजोत किरन टिवाना, पीएमओ जिला नागरिक अस्पताल।