संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अमर उजाला की तरफ से साइबर अपराध के खिलाफ विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए ताऊ देवी लाल कॉम्प्लेक्स में वॉकथॉन करवाया गया। इस दौरान विभिन्न निजी व राजकीय विद्यालयों के 450 विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि मेयर सुमन बहमनी व पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल व विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लता रहीं। इस दौरान सभी अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया।
वॉकथॉन शहर के प्रमुख चौकों से होते हुए वापिस कॉम्प्लेक्स में समाप्त हुई। लेकिन, इससे पूर्व एसपी कमलदीप गोयल ने विद्यार्थियों से कहा का अब हमारी व्यस्तता मोबाइल फोन पर ज्यादा है। लोगों के काम भी मोबाइल पर चल रहे हैं, वहीं शिक्षा में भी मोबाइल की अहम भूमिका है। इसके साथ ही इससे साइबर अपराध भी बहुत बढ़ गया है।
ऑनलाइन ठगी का सबसे बड़ा कारण मोबाइल की निर्भरता है और मोबाइल के जरिए ही ठग लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। उन्होंने कहा कि साइबर ठग हाईटेक हैं और कुछ समय में ठगी करने का अपना तरीका बदल देते हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल पर ई-चलान, बधाई संदेश, शादी के कार्ड सहित अन्य फाइल भेजकर ठग लोगों को अपना शिकार बनाते हैं।
इस दौरान यदि मोबाइल पर कोई ऐसी फाइल, जिसके अंत में एपीके लिखा हो वह ओपन न करें, चूंकि यह फर्जी फाइल है। ऐसी फाइल पर क्लिक करते ही मोबाइल फोन हैक हो जाता है और ठग के पास मोबाइल की पूरी जानकारी चली जाती है। इसका इस्तेमाल करके ठग जीवन भर की पूंजी उठा लेते हैं। एसपी ने साइबर सुरक्षा के टोलफ्री नंबर के बारे भी जानकारी दी।
साइबर थाना की एसआई दीपिका ने भी विद्यार्थियों से होने वाले साइबर अपराध के बारे बताया। विशेषकर छात्राओं को उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर की निजी फोटो व जानकारी की हमारी पोस्ट हानिकारक हो सकती है। चूंकि सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी लिक होने से छात्राओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वहीं थाना यातायात प्रभारी कुशलपाल राणा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों, पुलिस अभियान व जागरूकता कार्यक्रम के बारे बताया। उन्होंने कहा कि सड़क पर हमारी लापरवाही व नादानी दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों से विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
इन सहयोगियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के सहयोगी सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। कार्यक्रम में क्लाॅउड-9 एजुकेशनल्स की मीनाक्षी जलोटा, गुरदेवी मेमोरियल अस्पताल से डॉ. अंकित संधू , मेडऔरा अस्पताल से डॉ. रणविजय राणा, महालक्ष्मी नमकीन से अभिषेक मल्होत्रा, जगविद्या ज्वेलर्स से नवल किशोर, बख्शी होंडा व्यासपुर से आनंद बख्शी, कैपिटल अस्पताल से डॉ. कुलजिंद्र सोढ़ी, ग्लोस एंड ग्रूम सैलून से उस्मान, स्वामी अस्पताल लेदी से डॉ. ईशविंद्र, स्टार-वे सीनियर सेकेंडरी स्कूल खुर्दी से जोगिंद्र कांबोज, मंगला मॉलडिंग से लविश गाबा, आदर्श विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल अकालगढ़ बबली देवी सहयोगी रहे। सभी सहयोगियों को सम्मानित किया गया।
साइबर क्राइम के खिलाफ जागरूकता वॉकथॉन निकालते विद्यार्थी। संवाद