यमुनानगर। यातायात थाना प्रभारी रामपाल व शहर जगाधरी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह राणा ने कपाल मोचन मेल में परिवार से बिछड़ी छह साल की मासूम बच्ची को उसके परिजनों से मिलाया। हुआ यूं कि चंडीगढ़ का एक परिवार कपाल मोचन के मेले से वापसी कर रहा था। इस दौरान उनकी छह वर्षीय बच्ची उनसे बिछड़ गई। यह बच्ची पुलिस को रोती हुई मिली।
थाना शहर जगाधरी प्रभारी नरेंद्र सिंह राणा व यातायात प्रभारी रामपाल पहुंचे। उन्होंने बच्ची से पूछा कि वह यहां कैसे पहुंची। इस पर बच्ची ने बताया कि परिवार मेले से यहां आकर खरीदारी कर रहा था। इसके बाद थाना प्रभारी ने बच्ची से आने-जाने का रूट समझा। इसके बाद वह स्वयं ही बच्ची के साथ उस रूट पर निकल पड़े। इधर परिवार भी बच्चे को ढूंढ रहा था। आखिरकार दोनों थाना प्रभारियों के प्रयासों से बच्ची परिवार तक पहुंच गई। समाज सेवी कपिल ने भी इसमें सहयोग किया। परिवार ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सेवा सुरक्षा सहयोग के नारे को सच करने का काम किया है। परिजनों ने कहा कि वह काफी देर से बच्चे की तलाश कर रहे थे, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था की बच्ची कौन सी दिशा में है और किसके साथ है। यह तो पुलिस के सहयोग से उनकी बच्ची उन्हें सुरक्षित मिल गई।