यमुनानगर। अपराध शाखा 2 की टीम ने पाबनी रोड पर जांच के दौरान ट्रैक्टर ट्राॅली से चोरी का सामान बरामद कर एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। कबाड़ी खंडारा मुस्तकीम पर बिजली निगम के ठेकेदारों से लोहे के खंभे खरीदने का आरोप है। वह इन खंभों को लेकर उत्तर प्रदेश बेचने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी कबाड़ी खंडरा गांव निवासी मुस्तकीम के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
अपराध शाखा-2 इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि खंडारा गांव निवासी कबाड़ी मुस्तकीम बिजली निगम के ठेकेदारों से लोहे के खंभे खरीदता है। वह इन्हें लाल रंग के बिना नंबर वाली ट्रैक्टर ट्रॉली में लादकर पाबनी-रोड से होते हुए उत्तर प्रदेश बेचने जा रहा है। सूचना के आधार पर उनकी टीम ने जडौदी गांव के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद टीम को मैहलावाली की ओर से लाल रंग का ट्रैक्टर ट्रॉली आता दिखाई दिया। पुलिस ने बैटरी की लाइट दिखाकर उसे रोकने की कोशिश की तो ट्रैक्टर चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम साढ़ौरा क्षेत्र के खंडारा गांव निवासी मुस्तकीम उर्फ मुस्कान बताया। ट्रॉली की जांच करने पर उसमें से 15 लोहे के बिजली के खंभे और एंगल कटे हुए मिले। मुस्तकीम कोई बिल नहीं दिखा सका। पूछने पर उसने बताया कि ये खंभे उसने ठेकेदारों से मिलीभगत कर चोरी से खरीदे हैं। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली और माल को जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी से उनकी टीम पूछताछ कर रही है। पूछताछ में ठेकेदार व अन्य आरोपियों का पता लगाया जाएगा। संवाद