संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। वर्क वीजा पर पुर्तगाल भेजने के नाम पर गांव दामला निवासी प्रदीप कुमार से नौ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। थाना यमुनानगर सदर पुलिस ने गुजरात के सूरत निवासी प्रकाश सोलंकी के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस और पीड़ित की शिकायत के अनुसार, वर्ष 2023 में प्रदीप की बातचीत उसके चचेरे भाई के माध्यम से प्रकाश सोलंकी से हुई थी। आरोपी ने उसे बुल्गारिया के रास्ते पुर्तगाल भेजने का भरोसा दिलाया और इसके लिए कुल नौ लाख रुपये खर्च आने का दावा किया। 20 अप्रैल 2024 को प्रदीप ने आरोपी के बताए बैंक खाते में साढ़े सात लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बताया गया है कि सितंबर 2024 में उसे अवैध तरीके से बुल्गारिया भेजा गया। वहां पुर्तगाल भेजने के नाम पर एक अन्य एजेंट ने उससे डेढ़ लाख रुपये और लिए, लेकिन उसे पुर्तगाल नहीं भेजा गया। करीब डेढ़ माह तक प्रदीप अपने खर्चे पर बुल्गारिया में रहा। इस दौरान वहां की पुलिस ने उसे अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे 18 सितंबर 2024 को भारत डिपोर्ट कर दिया। भारत लौटने पर रुपये वापस मांगे तो धमकी दी। पीड़ित ने नवंबर 2024 में एसपी को शिकायत दी थी।