यह विडंबना ही है कि जिस मासूम बच्ची ने अभी सही से बोलना और चलना भी शुरू नहीं किया है, उसे मां के साथ सलाखों में रहना पड़ेगा। मासूम बच्ची की मां पर अपने पति की हत्या का आरोप है। वीरवार को उसे कोर्ट ने जेल भेज दिया। ऐसे में मां के साथ मासूम बच्ची भी जिला कारागार पहुंच गई। अब चाइल्ड लाइन की निदेशिका अंजू बाजपेेयी मासूम को पंचकूला के शिशु गृह में भेजने के लिए जिला जेल जाकर उसकी मां की काउंसलिंग करेंगी।
दरअसल प्रताप नगर के भंगेडी मोड़ निवासी तिलक राज की हत्या की आरोपी उसकी पत्नी पालो देवी व उसके प्रेमी सोहेल खान से रिमांड के दौरान पुलिस ने रस्सी, मोबाइल व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शादी करने में तिलकराज को अड़चन बताते हुए उसकी हत्या करने की बात स्वीकारी है। रिमांड पूरा होने पर वीरवार को फिर दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
ये है मामला
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक चार माह से पालो देवी व सोहेल खान के बीच अवैध संबंध थे। सोहेल से शादी करने के लिए पालो देवी अपने पति तिलकराज को तलाक देना चाहती थी। 14 जनवरी की रात तिलकराज शर्मा जब साथ घर आया था। तब उसे सोहेल घर पर मिला। जब उसने विरोध जताया तो उसकी पत्नी पालो देवी ने अपने प्रेमी सोहेल के साथ मिलकर उसकी रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद दोनों ने उसके शव को स्टोर में दबा दिया था। अगले दिन पालो देवी ने अपने पति तिलकराज के लापता होने की बात कही थी। 22 जनवरी को पालो देवी ने पुलिस में उसके लापता होने का केस दर्ज करवाया। इसके बाद पड़ोसियों के खिलाफ भी छेड़खानी की शिकायत पुलिस में कर दी थी। सोहेल से नजदीकियां बढ़ने पर परिजनों व पड़ोसियों को शक हुआ। परिजनों के कहने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने तिलकराज की हत्या कर शव घर में दबाने की बात कबूली, जिसके बाद पुलिस ने 16 फरवरी को तिलकराज के शव को गड्ढ़ा खोदकर निकाला।
मां की काउंसलिंग की जाएगी: बाजपेयी
-इस मामले को लेकर चाइल्ड लाइन की निदेशिका अंजू बाजपेयी ने बताया कि जिस मासूम बच्ची ने अपराध किया ही नहीं, उसे जेल नहीं जाना चाहिए। चूंकि वह मां का दूध पीती है, इसलिए बच्ची को साथ भेजा गया है। यह महिला का अधिकार है कि वह बच्ची को साथ रखे या फिर शिशु गृह में भेजे। चाइल्ड लाइन की टीम जेल में पहुंचकर बच्ची की मां की काउंसलिंग करेगी और उसे पंचकूला शिशु गृह में भेजने के लिए मनाएगी। शिशु गृह में बच्ची की अच्छे से देखभाल भी हो जाएगी।
प्रतापनगर थाना प्रभारी बलराज ने बताया कि बच्ची अभी मां का दूध पीती है। मृतक तिलकराज शर्मा के परिवार में कोई और नहीं है। उसकी एक बहन है। उसने भी बेटी को साथ रखने से इन्कार कर दिया है। पति की हत्या के आरोप में पकड़े जाने पर महिला अब पछतावा कर रही है। बच्ची मां का दूध पीती है, इसी वजह से उसे साथ में भेजा गया है।